सिलीगुड़ी में मादक तस्करी की नई साजिश नाकाम, महिला समेत 5 गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 09 अप्रैल (नि.सं.)। महिला को मोहरा बनाकर पुराने अपराधियों ने मादक पदार्थ तस्करी की नई योजना बनाई थी, जिसे एसओजी और सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर विफल कर दिया।


पुलिस टीम ने जोड़ापानी ब्रिज के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ी एक चार पहिया वाहन से 1 किलो कच्चा मादक पदार्थ (क्रूड) बरामद किया। इस मामले में एक महिला सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम पूजा रसाइली (33), पप्पू गिरी (48), अजहरूद्दीन साह (39), एमडी मुराद अंसारी (40) और एमडी शमशेर आलम (35) है। पुलिस के अनुसार, इनमें से चार आरोपी पहले से ही आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके है।

जांच में सामने आया है कि यह कच्चा माल मालदा से लाकर सिलीगुड़ी में ब्राउन शुगर तैयार करने की योजना थी। लगातार पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए तस्करों ने इस बार तैयार ड्रग्स की बजाय कच्चा माल लाने की नई रणनीति अपनाई थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सभी आरोपी पहले जेल में साथ रह चुके है और वहीं से इनके बीच संपर्क बना। जेल से बाहर आने के बाद इन्होंने मिलकर तस्करी की साजिश रची।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले बहन को कब्जे में लिया और तलाशी के दौरान डिक्की से प्लास्टिक पैकेट में रखा कच्चा मादक पदार्थ बरामद किया।
सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही, इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस को शक है कि तस्करी में महिला की भूमिका किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *