डांस क्लास से शुरू हुआ प्यार बना धोखाधड़ी का मामला, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी,12 अप्रैल (नि.सं.)। शहर में डांस क्लास से शुरू हुआ एक प्रेम संबंध धोखाधड़ी में बदल गया। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने के आरोप में महिला थाने की पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप दत्ता (24) के रूप में हुई है, जो हेमताबाद का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, कुछ साल पहले डांस क्लास के दौरान युवती और आरोपी की मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और रिश्ता प्यार में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।

बाद में संदीप का किसी दूसरी लड़की के साथ संबंध शुरू हो गया। जब इसकी जानकारी युवती को हुई, तो उसने शादी के लिए दबाव बनाया। इस पर आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और कथित रूप से युवती को धमकी भी दी।

पीड़िता ने 1 तारीख को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रायगंज के हेमताबाद स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया और सिलीगुड़ी लाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes