राजगंज, 03 अगस्त (नि.सं.)। श्रावण माह के अवसर पर मयनागुड़ी स्थित जलपेश मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भुटकीर हाट सदस्य आगे आए। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच ठंडा पेयजल और खिचड़ी वितरित की गई।
रविवार रात भुटकीर हाट क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (डी) से छोटे-बड़े विभिन्न वाहनों में जलपेश मंदिर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया। साथ ही उनके लिए खिचड़ी भोजन और विश्राम की व्यवस्था भी की गई, ताकि लंबी यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस कार्यक्रम में कुछ समय के लिए राजगंज के विधायक दिनेश सरकार भी उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजकों से बातचीत कर उनके इस जनसेवा कार्य की सराहना की।
आयोजकों में शामिल शुभंकर दत्त ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भुटकीर हाट सदस्यों की ओर से जलपेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठंडा पेयजल और खिचड़ी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर लगभग 5,000 बोतल ठंडा पेयजल वितरित किया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनसेवा कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।
