सिलीगुड़ी, 2 अगस्त (नि.सं.)। डाबग्राम-फुलबाड़ी क्षेत्र के बैकुंठपुर जंगल में जल्द ही एक इको टूरिज्म पार्क बनाया जाएगा। ईस्टर्न बाईपास के पास शिवनगर इलाके में स्थित करीब 143 हेक्टेयर जमीन में से कुछ हिस्से को इस परियोजना के लिए चिन्हित किया गया है।
रविवार को इस प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण वन मंत्री मनोज उरांव, पर्यटन मंत्री शंकर घोष, जलपाईगुड़ी के सांसद जयंत कुमार राय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया।
वन मंत्री मनोज उरांव ने बताया कि पर्यटकों के लिए नया आकर्षण विकसित करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह इको टूरिज्म मॉडल पर पार्क विकसित किया जाएगा।
हालांकि, पार्क में बनने वाले ढांचे और सुविधाओं को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। मंत्री के अनुसार, जल्द ही संबंधित विभागों के साथ बैठक कर परियोजना की विस्तृत रूपरेखा तय की जाएगी।
