सिलीगुड़ी, 2 अगस्त (नि.सं.)। रात के समय किसी अनजान व्यक्ति को लिफ्ट देना खतरनाक साबित हो सकता है। माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में लिफ्ट मांगकर छिनतई और मारपीट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के बाद दो आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, टाटा एसी चालक विशाल महतो 31 तारीख की देर रात काम खत्म कर घर लौट रहे थे। जलपाई मोड़ के पास एक युवक ने उनसे रामघाट तक लिफ्ट मांगी। रास्ते में माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में पहुंचते ही पहले से मौजूद तीन अन्य युवकों ने चालक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट कर चालक का मोबाइल छीन लिया। जिसके बाद उससे तीन बार में करीब 4100 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिया।
घटना के बाद पीड़ित ने माटीगाड़ा थाने में एक तारीख को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों ध्रुव सहनी (21) और अभिनंदन राय (22) को बीती रात गिरफ्तार कर लिया। दोनों को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह रात में लिफ्ट मांगकर लोगों को सुनसान जगह ले जाकर लूटपाट करता था। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच चल रही है।
