सिलीगुड़ी, 28 अक्टूबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के शांतिनगर इलाके में बुधवार सुबह एक स्कूल शिक्षिका पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल शिक्षिका की पहचान शिउली दत्त के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शिउली दत्त बुधवार सुबह टहलने के लिए निकली थी। इसी दौरान सजल दास नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में शिक्षिका के गले और हाथ पर गंभीर चोटें आई। स्थानीय लोगों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने कथित आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में आरोपी सजल दास को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल शिक्षिका के परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी अक्सर सड़क पर उन्हें परेशान करता था। परिवार का दावा है कि इस संबंध में पहले आशीघर चौकी और महिला थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। सार्वजनिक स्थान पर शिक्षिका पर हुए इस हमले से इलाके में भय का माहौल है। आशीघर चौकी की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।





