सिलीगुड़ी, 27 अक्टूबर (नि.सं.)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘रोड सेफ्टी एंड रिस्पांसिबल सिटीजन शिप डे’ के अवसर पर सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत शहर के विभिन्न इलाकों में रैलियां निकालकर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
इस कार्यक्रम में डीसीपी राणा मजूमदार, ट्रैफिक विभाग के एसीपी सुबीर कुमार दत्त, भक्तिनगर थाने के ओसी, विभिन्न थानों के ओसी और ट्रैफिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सालुगाड़ा, पानीटंकी आउटपोस्ट और जंक्शन ट्रैफिक गार्ड के अधिकारी शामिल हुए।
जागरूकता रैली सिलीगुड़ी जंक्शन से शुरू होकर सेवक मोड़, चेकपोस्ट और विधान रोड होते हुए हाशमी चौक पर समाप्त हुई। इसके बाद दूसरी रैली जलपाईमोड़ से शुरू होकर थाना मोड़ और एनजेपी गेटबाजार मोड़ होते हुए तीनबत्ती मोड़ पहुंची। वहीं, एक अन्य रैली बालासन, शिवमंदिर और कावाखाली होते हुए बागडोगरा पहुंची।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने के प्रति जागरूक किया गया।





