सिलीगुड़ी, 27 अक्टूबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के एसएफ रोड पर मंगलवार सुबह एक चलती मालवाहक गाड़ी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ और दमकल कर्मियों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार, मालवाहक गाड़ी में कार्टून लादकर ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान नौकाघाट के पास गाड़ी के अंदर से अचानक काला धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक गाड़ी को एसएफ रोड स्थित दमकल कार्यालय के पास ले गया।
सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग बुझा दी। चालक की सतर्कता और दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक अनुमान है कि किसी यांत्रिक खराबी के कारण यह घटना हुई होगी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।





