सिलीगुड़ी, 27 अक्टूबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में रेलवे के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में महावीर स्थान फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे स्थित दोनों रेल गेट बंद करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे प्रबंधन इस दिशा में मंथन कर रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। रेल गेट बंद होने की आशंका से स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।
मंगलवार को कटिहार रेल मंडल के डीआरएम किरेन्द्र नराह ने सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के आधुनिकीकरण से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही महावीर स्थान फ्लाईओवर के नीचे स्थित रेल गेट बंद करने की संभावना पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस मामले में राज्य सरकार के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, फ्लाईओवर के नीचे रेल गेट के रखरखाव पर रेलवे को हर साल करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। इसी खर्च को कम करने के उद्देश्य से रेलवे प्रबंधन रेल गेट बंद करने के विकल्प पर विचार कर रहा है। उल्लेखनीय है कि फुलेश्वरी रेल गेट पहले ही बंद किया जा चुका है। अब महावीर स्थान के दोनों रेल गेट को बंद करने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, महावीर स्थान इलाके के दोनों रेल गेट स्थानीय लोगों की आवाजाही के लिए काफी महत्वपूर्ण माने जाते हैं। ऐसे में इनके बंद होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होने की आशंका है। स्थानीय लोगों का मानना है कि रेल गेट बंद होने से रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। अब सबकी नजर रेलवे प्रबंधन और राज्य सरकार के बीच होने वाली बातचीत तथा इस संबंध में लिए जाने वाले अंतिम फैसले पर टिकी है।





