सिलीगुड़ी, 26 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 7 में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 64 आधुनिक सीसीटीवी कैमरों का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मेयर गौतम देव ने औपचारिक रूप से कैमरों का शुभारंभ किया। साथ ही वार्ड के लिए एक एम्बुलेंस भी प्रदान की गई। इस अवसर पर डिप्टी मेयर रंजन सरकार, वार्ड नंबर 7 के पार्षद पिंटू घोष तथा नगर निगम के मेयर परिषद सदस्य मौजूद रहे।
मेयर गौतम देव ने बताया कि इससे पहले पार्षदों की पहल पर कुछ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन अब नगर निगम की ओर से 64 आधुनिक कैमरे स्थापित किए गए है। इन कैमरों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी नगर निगम नियमित रूप से निभाएगा। उन्होंने कहा कि केवल वार्ड 7 ही नहीं, बल्कि चरणबद्ध तरीके से सिलीगुड़ी के सभी वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई गई है। इस प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है। इससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराध नियंत्रण में प्रशासन को सहायता मिलेगी।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका मानना है कि सीसीटीवी कैमरों से क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ेगी और एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
