नक्सलबाड़ी, 9 अक्टूबर (नि.सं.)। नक्सलबाड़ी में पिकअप वैन की टक्कर से एक साइकिल सवार की मौत हो गई है। घटना नक्सलबाड़ी-पानीघाटा राज्य सड़क पर कलाबाड़ी मोड़ के पास हुई। मृतक की पहचान फिलिप्प केरेकट्टा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, फिलिप्प दूध लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नक्सलबाड़ी की ओर से आ रही एक पिकअप वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें नक्सलबाड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिकअप वैन में भैंसें लदी हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने टोल प्लाजा इलाके से आरोपी चालक राजेन बर्मन को गिरफ्तार कर लिया। वह फाकनाजोत का निवासी बताया गया है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया गया है।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कलाबाड़ी मोड़ पर लंबे समय तक सड़क जाम रखा। बाद में नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस और ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया है। नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




