राजगंज, 9 अक्टूबर (नि.सं.)। राजगंज से पंजाब के लिए रवाना हुआ चायपत्ती से लदा ट्रक रास्ते से गायब हो गया। मामले की जांच करते हुए भोरेर आलो थाना पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 200 किलोग्राम चायपत्ती के 39 पैकेट बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत 3 सितंबर को राजगंज के बलराम इलाके से एक ट्रक में चायपत्ती लादकर पंजाब भेजी गई थी। हालांकि, माल निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा। इसके बाद 11 सितंबर को भोरेर आलो थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और ओडिशा, उत्तर प्रदेश, झारखंड तथा बिहार समेत कई राज्यों में छापेमारी की।
आखिरकार, इस महीने की 3 तारीख को बिहार से वासुकी कुमार मंडल और ललित कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया। वासुकी बिहार का, जबकि ललित उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में लेने के बाद बिहार के अररिया इलाके से चायपत्ती बरामद की गई।
हालांकि, ट्रक में लदा माल रास्ते से कैसे गायब हुआ और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं, इसकी जांच भोरेर आलो थाने की पुलिस कर रही है।





