सिलीगुड़ी, 9 अक्टूबर (नि.सं.)। मंत्री दीपक बर्मन ने तृणमूल सरकार के कार्यकाल में बने विश्व बांग्ला शिल्पी हाट का नाम बदलने के संकेत दिए हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस हाट को दोबारा शुरू करना अधिक महत्वपूर्ण है।
शुक्रवार को मंत्री दीपक बर्मन ने कावाखाली स्थित विश्व बांग्ला शिल्पी हाट का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाट की मौजूदा स्थिति, बुनियादी ढांचे और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद मंत्री ने कहा कि शिल्पी हाट को नए सिरे से विकसित करने की योजना है, ताकि शिल्पीकार यहां अपने हस्तशिल्प और कलाकृतियों का प्रदर्शन कर सकें और उन्हें व्यापक स्तर पर पहचान मिल सके।
उन्होंने आगे कहा कि विश्व बांग्ला का अब कोई अस्तित्व नहीं है, इसलिए उस नाम का भी कोई अस्तित्व नहीं है। हालांकि, नाम बदलने से ज्यादा जरूरी शिल्पी हाट को फिर से चालू करना है।





