सिलीगुड़ी, 9 अक्टूबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के फुलेश्वरी रेलवे गेट को बंद किए जाने के फैसले पर पूर्व मेयर, विधायक एवं मंत्री अशोक भट्टाचार्य ने रेलवे के खिलाफ नाराजगी जताई है। शुक्रवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट्स क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे ने निर्धारित नियमों का पालन किए बिना देर रात रेलवे गेट बंद कर दिया है।
अशोक भट्टाचार्य ने बताया कि इस मामले में वह पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक, कटिहार के डीआरएम और जिलाधिकारी को पत्र लिखेंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे गेट बंद करने से पहले समाचार पत्रों में अधिसूचना प्रकाशित करना, आम लोगों को नोटिस देना, 30 दिनों का समय निर्धारित करना तथा जनता की राय और आपत्तियां लेना जरूरी है। इसके अलावा राज्य सरकार, जिलाधिकारी और नगर निगम की राय लेना भी आवश्यक है। उनके मुताबिक, रेलवे गेट बंद करने से पहले आवश्यक सुरक्षा संबंधी मंजूरी लेना भी जरूरी है।
अशोक भट्टाचार्य ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले जब वह सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) के चेयरमैन थे, तब प्राधिकरण के अपने फंड से वहां अंडरपास का निर्माण कराया गया था। उन्होंने दावा किया कि वैकल्पिक सड़क बनाने के लिए रेलवे को 75 लाख रुपये भी दिए गए थे। इसके बावजूद रेलवे गेट बंद किए जाने से आम लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने आशंका जताई कि दुर्गापूजा के दौरान रेलवे गेट बंद रहने से यातायात की समस्या और लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। अशोक भट्टाचार्य ने तत्काल निर्णय वापस लेने, बैरिकेड हटाने और रेलवे गेट को दोबारा चालू करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द रेलवे गेट नहीं खोला गया, तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।





