बागडोगरा, 30 अक्टूबर (नि.सं.)। बागडोगरा के पानीघाटा मोड़ पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में नौ विद्यार्थी घायल हो गए है। बताया जा रहा है कि छात्रों को स्कूल लेकर जा रहे एक ऑटो को मालवाहक लॉरी ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, ऑटो में नौ विद्यार्थी सवार थे। इसी दौरान एक मालवाहक लॉरी के चालक ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सभी विद्यार्थी घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बागडोगरा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद से लॉरी चालक फरार बताया जा रहा है। बागडोगरा थाने की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त लॉरी और ऑटो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





