सिलीगुड़ी, 30 अक्टूबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के शांतिनगर में गोली चलाकर स्वर्ण व्यवसायी से सोने और नकदी से भरा बैग लूटने की घटना के बाद इलाके में अब भी दहशत का माहौल है। शुक्रवार सुबह डाबग्राम-फूलबाड़ी की भाजपा विधायक शिखा चटर्जी घटनास्थल पर पहुंची।
इस दौरान विधायक ने सबसे पहले पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने घटना के दिन हुई पूरी वारदात की जानकारी ली और भयभीत परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विधायक शिखा चटर्जी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसके बाद विधायक ने आशीघर चौकी के प्रभारी पुलिस अधिकारी से भी बातचीत की। उन्होंने जांच की मौजूदा स्थिति, पुलिस की ओर से जुटाई गई जानकारियों और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच की मांग की है।




