सिलीगुड़ी, 30 अक्टूबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के महावीरस्थान रेलवे गेट को बंद किए जाने की संभावना को लेकर स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों को आशंका है कि रेलवे गेट बंद होने से हॉकर्स, छोटे दुकानदारों और महावीरस्थान व हॉकर्स कॉर्नर के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। इस बीच शुक्रवार सुबह सिलीगुड़ी के विधायक और राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने रेलवे गेट का दौरा कर व्यापारियों की समस्याएं सुनी।
इस दौरान उन्होंने व्यापारिक संगठनों के सदस्यों के साथ रेलवे गेट के आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। व्यापारियों ने उन्हें बताया कि गेट बंद होने से स्थानीय लोगों की आवाजाही और संपर्क व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। साथ ही, ग्राहकों की आवाजाही कम होने से हॉकर्स और छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
व्यापारियों से बातचीत के बाद शंकर घोष ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर रेलवे अधिकारियों से मौखिक रूप से चर्चा की है। इसके अलावा दार्जिलिंग के जिलाधिकारी, सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर और रेलवे के संबंधित अधिकारियों के साथ भी इस विषय पर बातचीत की गई है।
विधायक ने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को समझने के लिए शहर की नौ बाजार कमेटियों के सदस्यों से भी चर्चा की गई है। इन बैठकों में कई सुझाव सामने आए हैं, जिन्हें रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस संबंध में रेलवे प्रबंधन को लिखित रूप से अपनी बात और प्रस्ताव भी सौंपेंगे।
फिलहाल महावीरस्थान रेलवे गेट को बंद किए जाने को लेकर रेलवे की ओर से अंतिम निर्णय का इंतजार है। वहीं, स्थानीय व्यापारी उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाएगा।





