सिलीगुड़ी, 29 अक्टूबर (नि.सं.)। दीपावली से पहले शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को सिलीगुड़ी के हॉकर्स कॉर्नर इलाके में विशेष अभियान चलाकर सड़क पर दुकान का सामान फैलाकर कारोबार करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई। वहीं, सड़क पर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों पर जुर्माना भी लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, हॉकर्स कॉर्नर में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है। त्योहार के मौसम में बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ने के कारण यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने यह अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों ने सड़क के बड़े हिस्से पर दुकान का सामान रखकर अतिक्रमण कर रखा था। इससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ वाहनों की आवाजाही में भी परेशानी हो रही थी। पुलिस ने संबंधित दुकानदारों को सड़क से सामान हटाने का निर्देश दिया। साथ ही, अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण कर कारोबार करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





