लंबे समय से शिकायतें मिल रही थी कि विभिन्न उड़ानों से उतरने के बाद जैसे ही यात्री एयरपोर्ट से बाहर निकलते हैं, कई टैक्सी चालक उन्हें घेर लेते हैं। इससे यात्रियों को टैक्सी चुनने और किराया तय करने में परेशानी होती थी। साथ ही, निर्धारित दर से अधिक पैसे वसूलने के आरोप भी सामने आए थे।
समस्या के समाधान के लिए पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने पहले टैक्सी चालकों और बागडोगरा एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ बैठक की। इसके बाद यात्रियों की समस्याओं और पुलिस की भूमिका पर भी चर्चा की गई। इन बैठकों के बाद एयरपोर्ट पर ‘यात्री साथी’ काउंटर शुरू करने का निर्णय लिया गया।
इस काउंटर के माध्यम से यात्री और पर्यटक विभिन्न मार्गों के लिए निर्धारित टैक्सी किराये की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और उसी के अनुसार सेवा ले सकेंगे। इससे यात्रियों की परेशानी कम होने के साथ ही किराए में पारदर्शिता आने की उम्मीद है।
पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने बताया कि आने वाले दिनों में सिलीगुड़ी के अन्य प्रमुख परिवहन केंद्रों, विशेषकर एनजेपी और सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भी इस तरह के काउंटर शुरू करने की योजना है। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और परिवहन सेवाओं में किराये को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।





