सिलीगुड़ी, 30 अक्टूबर (नि.सं.)। वेबेल आईटी पार्क में रुपये वसूलने की कोशिश करने के आरोप में माटीगाड़ा पुलिस ने भारत सरकार के एंटी क्राइम ब्यूरो का फर्जी अधिकारी बनकर पहुंचे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शेखर साहा उर्फ बाबाई (36) के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के प्रधाननगर इलाके का निवासी बताया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात आरोपी माटीगाड़ा के परिवहन नगर स्थित वेबेल आईटी पार्क पहुंचा था। वहां उसने खुद को भारत सरकार के एंटी क्राइम ब्यूरो का अधिकारी बताया। आरोप है कि उसने फर्जी पहचान पत्र दिखाकर आईटी पार्क के अधिकारियों और कर्मचारियों को डराने-धमकाने के साथ उनसे रुपये वसूलने की कोशिश की।
आरोपी की गतिविधियों पर संदेह होने पर आईटी पार्क प्रबंधन ने तत्काल माटीगाड़ा थाने को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद प्रबंधन की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने शुक्रवार सुबह माटीगाड़ा इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से भारत सरकार के एंटी क्राइम ब्यूरो का फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। मामले की जांच जारी है।





