सिलीगुड़ी, 24 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी के सेवक रोड पर हुए हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। आरोपी को अदालत में पेश किए जाने के दौरान मृतक के परिजनों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।सोमवार को सिलीगुड़ी थाना की पुलिस ने इस मामले में आरोपी देवांशु पाल चौधरी को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
आरोपी के अदालत पहुंचते ही परिसर में तनाव का माहौल बन गया। मृतक शंकर छेत्री के परिवार और रिश्तेदारों ने अदालत के बाहर प्रदर्शन करते हुए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी भी की।
मृतक की बहन अदालत परिसर में फूट-फूट कर रो पड़ी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने भाई की मौत के लिए न्याय चाहिए और आरोपी को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। परिजनों ने यह भी मांग की कि आरोपी प्रभावशाली परिवार से संबंध रखता है, इसलिए प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि वह किसी भी तरह कानून की पकड़ से बच न सके।
