फांसीदेवा में लाखों की ब्राउन शुगर बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

फांसीदेवा, 24 फरवरी (नि.सं)। रात के अंधेरे में मादक पदार्थ की सौदेबाजी की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फांसीदेवा थाने की पुलिस ने 103 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार मूल्य करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीती रात घोषपुकुर स्थित 27 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के गांधी मोड़ इलाके में सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोक कर तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से 103 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
यह मादक पदार्थ विधाननगर से घोषपुकुर में सप्लाई के लिए लाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विधाननगर निवासी सुरजीत सरकार के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। मामले की विस्तृत जांच फांसीदेवा के घोषपुकुर चौकी की पुलिस कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *