सिलीगुड़ी, 24 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी से एक बेहद संवेदनशील और शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां, 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालीगा छात्रा के साथ बार बार दुष्कर्म कर उसे गर्भवती बनाने के आरोप में 65 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुन्ना पासवान के रूप में हुई है।
वह सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 10 का निवासी बताया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता अनाथ है। वह अपनी नानी के साथ रहती है। आरोपी सिक्योरिटी गार्ड पीड़िता के घर के पास ही काम करता था। नानी से परिचय होने के कारण उसका घर पर आना-जाना था। आरोपी ने इसी विश्वास का फायदा उठाया और जब घर में कोई नहीं रहता, तब वो घर आता और नाबालीगा के साथ बार-बार दुष्कर्म करता था। इधर, भय के कारण पीड़िता ने किसी को इस बारे में कुछ नहीं बताया। मामले का खुलासा तब हुआ जब स्कूल की प्रधान शिक्षिका ने छात्रा का पेट असामान्य रूप से फूला हुआ देखा। संदेह होने पर उन्होंने महिला थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल जांच कराया। जिसमें पता चला कि वह करीब छह महीने की गर्भवती है।
पुलिस पूछताछ में नाबालीगा ने बताया कि जब घर पर कोई नहीं रहता। तब मुन्ना पासवान घर आता और जबरन शारीरिक संबंध बनाता। लगातार धमकी और डर की वजह से वह किसी को इस बारे में नहीं बता पाई। पुलिस द्वारा नानी से पूछताछ में पता चला कि दो वर्ष पहले पीड़िता को शारीरिक समस्या के कारण पेट में पानी भरने की शिकायत हुई थी। इसी वजह से इस बार भी परिवार को लगा कि पेट फूलने का कारण पुरानी बीमारी होगी। इसलिए उन्हें गर्भावस्था का संदेह नहीं हुआ। पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना की पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड मुन्ना पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
