सिलीगुड़ी, 24 जुलाई (नि.सं.)। उल्टारथ के पावन अवसर पर खूंटी पूजा के साथ सिलीगुड़ी के उज्ज्वल संघ ने दुर्गा उत्सव की शुरुआत कर दी। इस वर्ष उनका दुर्गा पूजा 73वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित प्रसिद्ध फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इस साल भी उज्ज्वल संघ दर्शकों के लिए कई खास आकर्षण लेकर आ रहा है। इस बार दुर्गा पूजा का मुख्य आकर्षण अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर बनाया जाने वाला भव्य पंडाल होगा। पंडाल निर्माण के लिए झारखंड से कारीगरों को बुलाया जा रहा है। बारीक कारीगरी और आकर्षक प्रस्तुति के कारण यह पंडाल लोगों को खासा आकर्षित करेगा, ऐसा आयोजकों का मानना है।पूजा के लिए इस वर्ष लगभग 38 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक पहल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। परंपरा, सौंदर्य और सामाजिक संदेश के संगम के साथ उज्ज्वल संघ का 73वां दुर्गा पूजा इस बार सिलीगुड़ी का प्रमुख आकर्षण बनने जा रहा है।
