सिलीगुड़ी, 1 नवंबर (नि.सं.)। शहर के ईस्टर्न बाईपास से सटे पूर्व चयनपाड़ा इलाके में शनिवार रात एक बैटरी शोरूम में आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शोरूम में रखी एक बैटरी में अचानक आग लगने के बाद ब्लास्ट हो गया। हालांकि, घटना में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार, बैटरी में आग लगने और ब्लास्ट की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। काफी देर बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक स्थिति नियंत्रण में आ चुकी थी। इसके बाद दमकल कर्मी वापस लौट गए।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि शोरूम में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं है। साथ ही शोरूम मालिक से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। लोगों का कहना है कि समय रहते स्थिति नियंत्रित नहीं होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही आशीघर चौकी और आशीघर सब ट्रैफिक गार्ड की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





