शनिवार को कालीपूजा और दीपावली के दौरान ध्वनि एवं वायु प्रदूषण पर नियंत्रण सहित कई मांगों को लेकर हिमालयन नेचर एंड एडवेंचर फाउंडेशन की ओर से मंत्री शंकर घोष को ज्ञापन सौंपा गया। इस संबंध में संगठन के सदस्यों ने संवाददाता सम्मेलन भी किया। उन्होंने दुर्गापूजा के दौरान शहर की विभिन्न पूजा कमेटियों द्वारा डीजे से परहेज करने की पहल की सराहना करते हुए इसे आगे भी जारी रखने की अपील की है।
मंत्री शंकर घोष ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों पर नियंत्रण के लिए पहले ही कई दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उनका पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दीपावली के दौरान भी तेज आवाज वाले पटाखों के इस्तेमाल से बचने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





