सिलीगुड़ी, 31 अक्टूबर (नि.सं.)। माटीगाड़ा में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से पहले ही पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है। गिरफ्तार युवक की पहचान सुमन साहा के रूप में हुई है। वह माटीगाड़ा के विश्वास कॉलोनी का निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर माटीगाड़ा बाईपास इलाके में आरोपी कथित तौर पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के इरादे से मौजूद था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाया। संदेह के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को रविवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश करेगी। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





