जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी के विधान रोड इलाके के एक पुराने क्लब पर यह आरोप लगाया गया है। गुरुवार को कंचनजंघा स्टेडियम में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री शंकर घोष के सामने प्रतिमा विक्रेताओं ने अपनी समस्याएं रखी है।
व्यवसायियों का आरोप है कि क्लब की ओर से दुर्गा पूजा चंदे की एक निश्चित राशि पहले ही लिखकर दी गई है। हालांकि अभी चंदा वसूली नहीं की गई है, लेकिन उन्हें स्पष्ट रूप से बताया गया है कि निर्धारित राशि ही देनी होगी।
व्यवसायियों के मुताबिक, बाजार में पहले से बिक्री कम है। इसके अलावा लगातार बारिश के कारण कई प्रतिमाएं गलकर खराब हो गई हैं। ऐसे में विभिन्न क्लबों की ओर से 1,000 से 2,000 रुपये तक चंदा मांगा जा रहा है, जिससे उन पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। शिकायत के बाद मंत्री शंकर घोष ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
वहीं, क्लब प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज किया है। क्लब की ओर से कहा गया कि कभी भी किसी से जबरन चंदा नहीं लिया जाता है। लोगों की क्षमता के अनुसार ही सहयोग लिया जाता है और किसी को डराकर चंदा वसूलने का सवाल ही नहीं उठता है।





