सिलीगुड़ी, 17 सितंबर (नि.सं.)। शहर में बढ़ती यातायात और पार्किंग की समस्या को कम करने के लिए कंचनजंघा स्टेडियम के मेला ग्राउंड में 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पार्किंग लॉट तैयार किया जाएगा। गुरुवार को पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने परियोजना का शिलान्यास किया है।
विधान मार्केट और आसपास के इलाकों में लंबे समय से जारी जाम और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह पहल की गई है। फिलहाल मेला ग्राउंड में आंशिक रूप से पार्किंग सेवा शुरू हो चुकी है। अब यहां बुनियादी ढांचे को और बेहतर किया जाएगा।
मंत्री शंकर घोष के अनुसार, पूजा से पहले पार्किंग व्यवस्था का बड़ा हिस्सा चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, आगामी 15 अक्टूबर तक पूरी परियोजना का काम पूरा करने की योजना है। यह काम एसजेडीए की ओर से आवंटित राशि से किया जाएगा।
परियोजना के तहत पेवर ब्लॉक बिछाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और सौंदर्यीकरण सहित कई कार्य किए जाएंगे। यहां आधुनिक पार्किंग व्यवस्था की विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा, शहर में आयोजित होने वाले विभिन्न मेलों के लिए अलग-अलग स्थान चिन्हित करने की भी योजना है। मंत्री ने बताया कि शहर के बीचों-बीच के बजाय पर्याप्त पार्किंग सुविधा वाले इलाकों में मेले आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है। भविष्य में कावाखाली स्थित विश्व बांग्ला शिल्पी हाट का इस्तेमाल भी मेलों के लिए करने की योजना है।





