उत्तर बंगाल, समाचार
मरीज को लेकर आ रही एंबुलेंस फूलबाड़ी में हादसे का शिकार
फूलबाड़ी, 2 मई (नि.सं.)। मरीज को लेकर आ रही एक एंबुलेंस फूलबाड़ी में दुर्घटना का शिकार हो गई। गाड़ी के अंदर ही बीमार मरीज फंस गया। शनिवार दोपहर यह घटना फूलबाड़ी महानंदा बैराज के पास सड़क पर घटी है। दुर्घटना में एंबुलेंस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, बिहार के भागलपुर से एक मरीज को लेकर एंबुलेंस सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल आ रही थी। फूलबाड़ी के महानंदा बैराज पार कर सिलीगुड़ी की ओर आते समय अचानक सामने चल रही एक पिकअप वैन अवैध क्रॉसिंग से सड़क पार करने के लिए मुड़ गई।
इससे पीछे चल रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया और मरीज अंदर ही फंस गया। दुर्घटना के बाद पिकअप वैन मौके से फरार हो गई।
सूचना मिलते ही फूलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट और न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मरीज को बाहर निकालकर सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
