फांसीदेवा, 13 सितंबर (नि.सं.)। मारपीट और रंगदारी मांगने के आरोप में फांसीदेवा पुलिस ने भाजपा नेता को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निरंजन विश्वास के रूप में हुई है, जो भाजपा जिला कमेटी के सदस्य बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात फांसीदेवा के आमबाड़ी इलाके में एक कोयला कंपनी में कथित तौर पर जबरन घुसकर भाजपा नेता ने गाली-गलौज की और पैसे नहीं देने पर कंपनी बंद कराने की धमकी दी। इसके बाद कंपनी से कथित तौर पर रंगदारी की मांग किए जाने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।
घटना को लेकर पीड़ित राजा कुमार जायसवाल ने फांसीदेवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को रविवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।




