सिलीगुड़ी, 13 सितंबर (नि.सं.)। बर्दवान रोड पर फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर कब्जा कर अवैध रूप से दुकानें लगाने के आरोप में रविवार सुबह सिलीगुड़ी नगर निगम ने बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस बल की मौजूदगी में चलाए गए इस अभियान के दौरान फ्लाईओवर के नीचे बनी कई अवैध दुकानों को तोड़ दिया गया।
अभियान की शुरुआत महात्मा गांधी मोड़ से हुई और बर्दवान रोड स्थित नए फ्लाईओवर के अंतिम छोर तक कार्रवाई की गई। आरोप है कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर कई दुकानें बनाई गई थी, जिससे यातायात और आम लोगों की आवाजाही में परेशानी हो रही थी।
अभियान शुरू होते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। दुकानों को तोड़े जाने पर कुछ व्यवसायियों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि नगर निगम की ओर से उन्हें पहले कोई नोटिस या पर्याप्त समय नहीं दिया गया। हालांकि, अभियान की जानकारी मिलते ही कई दुकानदारों ने अपना सामान हटा लिया।
नगर निगम के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में एक-एक कर अवैध दुकानों को हटाया। निगम सूत्रों के अनुसार, सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।





