सिलीगुड़ी, 11 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की भक्ति नगर थाना अंतर्गत डायमंड प्लाजा बिल्डिंग के तीसरे मंजिल पर चल रहे अवैध कॉल सेंटर का बीती रात खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के नाम सुमन प्रवेश, जसपाल सिंह, नाज़िम मोहम्मद खान और सोनम ग्यात्सो भूटिया है।
इस कॉल सेंटर में विदेशों में लोगों को फोन करके लोन दिलाने के नाम धोखाधड़ी का आरोप है। बताया जा रहा है कि भक्ति नगर थाना के आईसी अमरेश सिंह की टीम ने गुप्त सुचना के आधार पर उक्त कॉल सेंटर में रेड किया। रेड के दौरान पुलिस की टीम ने कॉल सेंटर के अंदर से कई कम्प्यूटर, हार्ड डिस्क, सीपीयू और कई मोबाइल फोन जब्त किया। जिसके बाद आगे की कार्रवाई करते हुए कॉल सेंटर प्रबंधक सहित चार लोगों से पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।
