भक्ति नगर थाना की सहयोगिता से सिक्किम पुलिस को मिला उसका वांटेड आरोपी

सिलीगुड़ी,11 मई (नि.सं.)। विभिन्न राज्यों में चोरी की घटना को अंजाम देता और फिर बड़ी आसानी से फरार हो जाता। कई राज्य की पुलिस उसके पीछे थी। लेकिन आखिर में यह शातिर चोर पुलिस के शिकंजे में फंस ही गया। दरअसल, भक्ति नगर थाना की पुलिस की सहयोगिता से सिक्किम पुलिस को उसका वांटेड आरोपी मिल गया है। इस वांटेड आरोपी का नाम अजय कुरापति है।


जानकारी के अनुसार गत 9 तारीख को आरोपी गंगटोक के एक होटल में व्यक्ति से जान पहचान कर उसका पर्स, आईकार्ड और एटीएम कार्ड की चोरी कर फरार हो गया था। मामला दर्ज होने के बाद सिक्किम पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सिक्किम पुलिस ने सिलीगुड़ी में भक्ति नगर थाना की पुलिस से सम्पर्क किया। इसके बाद भक्ति नगर थाना की सादे पोशाक की पुलिस ने सिक्किम पुलिस की जांच में सहयोग करते हुए आरोपी का मोबाइल टावर लोकेशन ट्रैक कर सेवक रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया। भक्ति नगर थाना की पुलिस ने आरोपी के पास से 10 पीस सोना के प्लेट, दो मोबाइल फोन, कुछ आईडी और एटीएम कार्ड बरामद किया है।

भक्ति नगर थाना की पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अजय कुरापति अलग-अलग राज्य में जाकर महंगे होटलों में कुछ दिन रूकता था। इसके बाद होटल में ठहरे अन्य ग्राहकों से पहचान बनता और मौका मिलते ही उन्हें अपना शिकार बनाता था। इधर, आज सुबह सिक्किम पुलिस के भक्ति नगर थाना पहुंचने के बाद आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *