फांसीदेवा,7 जून (नि.सं)। बांस चोरी के आरोप में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में एक पंडाल व्यवसायी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम सुभाष सिंह है। वह उत्तर दिनाजपुर के कालागछ का निवासी है।
ज्ञात हो कि पिछले गुरुवार को फांसीदेवा के विधाननगर 2 नंबर ग्राम पंचायत के कमादगछ इलाके में पंडाल के बांस चोरी करने के आरोप में मंगल टुडू की बुरी तरह पिटाई की गई थी। घटना में मंगल टुडू की मौत हो गई। इस घटना में कल एक लिखित शिकायत दर्ज की गई थी। उस शिकायत के आधार पर विधाननगर जांच केंद्र की पुलिस ने आरोपी पंडाल व्यवसायी सुभाष सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना में सुभाष सिंह समेत तीन अन्य के नाम पर एक लिखित शिकायत दर्ज की गई है। आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।