“सड़क नहीं तो वोट नहीं”- राजगंज में ग्रामीणों की वोट बहिष्कार की चेतावनी

राजगंज, 25 मार्च (नि.सं.)। खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराज़गी, “सड़क नहीं तो वोट नहीं” की चेतावनी। यह मामला राजगंज ब्लॉक के मझियाली ग्राम पंचायत के बंधुनगर के पास डांगापाड़ा इलाके का है।ग्रामीणों का आरोप है कि कई सालों से इलाके की सड़क जर्जर हालत में पड़ी है। कई बार पंचायत प्रधान और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस बारे में बताया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं मिला। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ है ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क की वजह से उन्हें रोजाना काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते है। कीचड़ और पानी भर जाने से आवाजाही लगभग ठप हो जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर इमरजेंसी सेवाओं तक पर इसका असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि हर चुनाव से पहले नेता सड़क बनाने का वादा करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद वह पूरा नहीं होता। “आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान” योजना के तहत भी सड़क बनाने की बात कही गई थी, लेकिन वह काम भी नहीं हुआ। इसी वजह से पूरे इलाके में गुस्सा है और ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार की चेतावनी दी है।
हालांकि, इस मामले में मझियाली ग्राम पंचायत के प्रधान सुमित दत्त ने कहा कि सड़क बनाने की पहल की गई थी, लेकिन फंड की कमी के कारण काम शुरू नहीं हो पाया। साथ ही वर्तमान में आचार संहिता लागू होने के कारण भी काम नहीं किया जा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव खत्म होने के बाद फंड मिलते ही जल्द सड़क का काम शुरू किया जाएगा। वोट बहिष्कार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या का समाधान किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *