नक्सलबाड़ी, 10 अप्रैल(नि.सं.)। नक्सलबाड़ी में चाय बागान के श्रमिक वोट को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा के माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने जोरदार चुनाव प्रचार किया। शुक्रवार को उन्होंने नक्सलबाड़ी के बेलगाछी, मारापुर और मांझा चाय बागानों में जाकर प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने चाय बागान श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन भी किया। कहीं चाय के पौधे लगाते तो कहीं खुद काम करते हुए भी नजर आए। इस दौरान श्रमिकों ने उनसे कई सवाल भी किए।आनंदमय बर्मन ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस की सरकार विकास करने में विफल रही है, इसी कारण लोगों में नाराजगी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर भविष्य में भाजपा सत्ता में आती है, तो चाय श्रमिकों को बेहतर मजदूरी, आवास और जमीन के अधिकार दिए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने पीएफ और ग्रेच्युटी जैसे मुद्दों पर चाय बागान मालिकों के साथ तृणमूल की सांठगांठ होने का आरोप भी लगाया।
