इस अवसर पर जिला भाजपा नेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, फांसीदेवा के विधायक दुर्गा मुर्मू समेत जिला भाजपा के कई नेता और नेत्री मौजूद रही।
पत्रकार वार्ता में मंत्री शंकर घोष ने बताया कि 17 सितंबर से एक महीने तक विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रम चलाए जाएंगे। 17 सितंबर की शाम केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाने का कार्यक्रम रखा गया है।
इसके अलावा विभिन्न इलाकों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यो को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में भी माताओं और बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रमों में पदयात्रा, बाइक रैली समेत कई संगठनात्मक और जनसंपर्क अभियान भी शामिल होंगे। जिला भाजपा की ओर से बताया गया कि देशभर में इन कार्यक्रमों के साथ ही दार्जिलिंग जिले में भी एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।





