सिलीगुड़ी, 9 सितंबर (नि.सं.)। बुजुर्ग की देखभाल के लिए आया का काम करने वाली महिला पर सोने की चेन और नकदी चोरी करने का आरोप लगा है। मामले में सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने जीजा-साली को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सुभाषपल्ली निवासी बीमार नरेंद्र नाथ दाम की देखभाल के लिए लाबनी राय उर्फ रिंकी को आया के तौर पर रखा गया था। आरोप है कि मौका पाकर उसने अलमारी से सोने की चेन और नकदी चोरी कर ली। बाद में उसने चोरी की चेन अपने जीजा राम चंद्र सरकार को दे दी। आरोप है कि पहचान छिपाने के लिए राम चंद्र ने चेन को गलाकर सोने में बदल दिया।
अलमारी से सामान गायब मिलने के बाद नरेंद्र नाथ दाम ने सिलीगुड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के दौरान लाबनी से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर राम चंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी के आभूषण को गलाकर तैयार किया गया सोना भी बरामद किया है।
दोनों आरोपियों को बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





