सिलीगुड़ी, 10 अप्रैल (नि.सं.)। डाबग्राम-फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की उम्मीदवार शिखा चटर्जी जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को उन्होंने फकदई बाड़ी इलाके में घर-घर जाकर आम लोगों से बातचीत की और अपने पक्ष में वोट की अपील की।
इस दौरान शिखा चटर्जी ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कुछ भ्रामक पोस्ट फैलाए जा रहे हैं, जिसमें दावा किया जा रहा है कि वह इलाके में दिखाई नहीं देती या कोई काम नहीं किया है। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता गलत जानकारी फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, विपक्ष उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर ऐसा कर रहा है। आगामी चुनाव को लेकर शिखा चटर्जी ने भरोसा जताया कि जनता के आशीर्वाद से इस बार डाबग्राम-फुलबाड़ी में भाजपा अच्छा प्रदर्शन करेगी।
