फांसीदेवा, 9 फरवरी (नि.सं.)। फांसीदेवा इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति का अर्धनग्न शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, फांसीदेवा के झमकलाल जोत इलाके में महानंदा कैनाल के पावर हाउस के पास बालू के चर पर आज स्थानीय लोगों ने शव पड़ा हुआ देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फांसीदेवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पूरे मामले की जांच में फांसीदेवा थाने की पुलिस जुट गई है।
