सिलीगुड़ी, 22 सितंबर (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाना अंतर्गत शिवमंदिर इलाके में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर 265 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मालदा जिले के कालियाचक निवासी तारिकुल शेख के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर शिवमंदिर के सरदापल्ली इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में खड़े तारिकुल शेख को पकड़कर तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से 265 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी मालदा से ब्राउन शुगर लेकर सिलीगुड़ी पहुंचा था और यहां किसी व्यक्ति को इसकी डिलीवरी देने वाला था। डीडी ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। पुलिस आरोपी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।




