प्राप्त जानकारी के अनुसार, डामराग्राम स्थित एम/एस ग्रीन हिल एंटरप्राइजेज और एम/एस हाइड एंड स्किन मर्चेंट के परिसर में आवश्यक अनुमति के बिना कारोबार संचालित किए जाने का मामला सामने आया था। एसडीएम कोर्ट के आदेश में कहा गया है कि इन प्रतिष्ठानों से निकलने वाली दुर्गंध और अन्य गतिविधियों के कारण स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसके अलावा इलाके की शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की भी संभावना जताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कोर्ट ने संबंधित प्रतिष्ठानों की गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात करने और माटीगाड़ा के बीडीओ को मामले की जांच करने का आदेश दिया गया।
गौरतलब है कि गत 25 नवंबर की रात डामराग्राम स्थित एक गोदाम में पशुओं की खाल रखे जाने को लेकर विवाद हिंसक हो गया था। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची प्रधान नगर थाना पुलिस पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया था। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस की सरकारी गाड़ी को घेरकर बांस, लाठी और डंडों से हमला करने के साथ पत्थरबाजी भी की थी। इस घटना में प्रधान नगर थाना के क्राइम विंग प्रभारी एसआई गौतम मल्लिक समेत चार पुलिस कर्मी घायल हुए थे।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 26 नवंबर को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया था। वहीं, एक नाबालिग को सेफ कस्टडी में लिया गया था।
इसके बाद मामला एसडीएम कोर्ट पहुंचा। अदालत के निर्देशानुसार रविवार को प्रधान नगर थाना पुलिस और केंद्रीय बलों की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से विवादित गोदाम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।





