राजगंज, 3 नवंबर(नि.सं.)। मंगलवार को राजगंज के बंधुनगर मोड़ के पास सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निजी यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि, इस घटना में बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीरपाड़ा-सिलीगुड़ी रूट की एक निजी बस यात्रियों को लेकर सिलीगुड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बंधुनगर के पास अचानक चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क के डिवाइडर को पार कर विपरीत दिशा की लेन में पहुंच गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही फूलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट और भोरेर आलो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और उसे निकालने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




