सिलीगुड़ी, 3 नवंबर (नि.सं.)। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चोरी के एक मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवव्रत सरकार (21) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शहर के नेताजी सारणी इलाके में एक दुकान से विद्युत उपकरण चोरी हुए थे। बताया जा रहा है कि चोर ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पानीटंकी आउटपोस्ट में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान देवव्रत सरकार के रूप में की। उसका स्थायी पता फालाकाटा बताया गया है। वह फिलहाल अपनी मां के साथ सिलीगुड़ी में किराये के मकान में रह रहा था।
इसके बाद पानीटंकी आउटपोस्ट की पुलिस ने उसके किराये के मकान पर छापेमारी कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चोरी गए सभी विद्युत उपकरण बरामद कर लिए गए। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।





