नक्सलबाड़ी, 22 मार्च (नि.सं.)। चाय बागान क्षेत्रों में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने के उद्देश्य से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार शंकर मालाकार ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। उन्होंने चाय श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में प्रचार किया।रविवार को शंकर मालाकार ने नक्सलबाड़ी के बेलगाछी चाय बागान में पार्टी नेताओं के साथ दौरा किया और श्रमिकों के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने चाय श्रमिकों की पीएफ और ग्रेच्युटी जैसी समस्याओं को उठाया, जिन्हें उन्होंने सबसे बड़ी चिंताओं में से एक बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि चाय श्रमिकों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है और एसआईआर के तहत उनके नाम काटे जा रहे है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शंकर मालाकार ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 24 मार्च को उत्तर बंगाल के दौरे पर आ रही है और नक्सलबाड़ी में जनसभा को संबोधित करेंगी। उनके इस दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा और चुनाव प्रचार को और मजबूती मिलेगी।
