सिलीगुड़ी, 1 मार्च (नि.सं)। सिलीगुड़ी में बढ़ती छिनतई की घटनाओं के बीच मेडिकल चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक सप्ताह की लगातार जांच के बाद पुलिस ने छिनतई मामले में बिहार निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोमी कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, 16 फरवरी को मेडिकल चौकी अंतर्गत ढिकनीकाटा इलाके में एक युवक बाजार में खरीदारी करने गया था। इसी दौरान पीछे से आए बदमाश ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गया। घटना के बाद बाजार इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित की शिकायत पर मेडिकल चौकी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। सूत्रों के अनुसार, बीते दिन आरोपी को मेडिकल चौक इलाके में देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने छिनतई की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने चोरी हुई सोने की चेन की बरामदगी और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की पहचान के लिए रिमांड की मांग की है।
