सिलिगुड़ी , 27 नवंबर (नि.सं)। सिलिगुड़ी थाने की एंटी क्राइम विंग ने चोरी की स्कूटी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम अरूप मंडल है। वो सिलीगुड़ी के 7 नंबर वार्ड अंतर्गत विवेकानंद रोड का निवासी बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार 18 तारीख को सिलीगुड़ी के जलपाईमोड़ इलाके से एक स्कूटी चोरी हुई थी। इस संबंध में सिलीगुड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।
इधर, बुधवार को टिकियापाड़ा इलाके में आरोपी चोरी की स्कूटी बेचने आया था। हालांकि, गुप्त सूत्रों से सूचना मिलने पर सिलीगुड़ी थाने की एंटी क्राइम विंग ने अभियान चलाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। साथ ही उसके पास से चोरी हुई स्कूटी भी बरामद कर लिया।आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
