सिलीगुड़ी, 22 मई (नि.सं.)। केरल में आयोजित चौथे नेशनल मास्टर गेमों में सिलीगुड़ी के श्यामल पाल ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। 65 वर्षीय श्यामल पाल सिलीगुड़ी के सुकांतपल्ली के निवासी है। वह सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में एसआई के पद पर कार्यरत थे। उन्हें बचपन से ही एथलेटिक्स में दिलचस्पी रही है।
वह 1989 में पश्चिम बंगाल में एथलेटिक्स में स्टेट चैंपियन भी बने। वह मूल रूप से 100 मीटर और 200 मीटर में दौड़ और लंबी कूद और ट्रिपल जंप के विशेषज्ञ है। इस बार उनके इस कौशल ने उन्हें राष्ट्रीय रिकॉर्ड में ला दिया है।
चौथे नेशनल मास्टर गेमों उन्होंने 65 वर्षीय वर्ग में सिर्फ 13 सेकंड में 100 मीटर और 28.22 सेकंड में 200 मीटर का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने ट्रिपल जंप में 9.11 मीटर की छलांग लगाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और 4×100 मीटर रिले दौड़ में दूसरे स्थान पर रहे और रजत पदक जीता।
बताया गया कि पुलिस में काम करने के दौरान वह नियमित व्यायाम करते थे। सेवानिवृत्त होने के बाद वे मैदान पर उतरे। अवसर मिलने के बाद उन्होंने केरल के त्रिवेंद्रम में आयोजित चौथे नेशनल मास्टर गेमों में भाग लिया और एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित करते हुए तीन स्वर्ण जीते। उनकी सफलता पर शहरवासियों को गर्व है। 65 वर्षीय वर्ग में सिलीगुड़ी की महिला प्रमिला बर्मन ने 200 मीटर स्प्रिंट में रजत पदक जीता है।
