सिलीगुड़ी, 29 मार्च (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में किशोरी की मौत के मामले में आखिरकार मुख्य आरोपी आमिर अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रधान नगर थाने की पुलिस ने आरोपी को दूसरे राज्य से गिरफ्तार किया है।
इस घटना के विरोध में सिलीगुड़ी से भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष लगातार मुखर थे। वे पिछले चार दिनों से धरने पर बैठे थे और आरोपी की गिरफ्तारी तक चुनाव प्रचार से खुद को दूर रखा था। आरोपी के पकड़े जाने के बाद उन्होंने धरना खत्म कर फिर से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।
वहीं दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने मांग की कि जल्द और निष्पक्ष जांच के जरिए दोषी को कड़ी सजा दिलाई जाए।
इस घटना को लेकर 30 मार्च को सिलीगुड़ी बंद का आह्वान बंगीय हिंदू महामंच की ओर से किया गया था। हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सांसद राजू बिष्ट ने बंद वापस लेने की अपील की, जिसके बाद संगठन ने बंद वापस लेने का फैसला किया।
